
बिलासपुर— पुलिस ने दो दिन पहले भनवारटंक स्थित मरीमाता मंदिर दर्शन और पिकनिक गए युवक की हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है। मृतक जरहभाठा मिनी बस्ती का रहने वाला है। सूचना के बाद पुलिस को माता के दर्शन के लिए कटाए गए एक छोटी पर्ची के सहारे आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है। जबकि महिला समेत पांच आरोपी अभी भी फरार हैं।
जानकारी देते चलें कि बिलासपुर के जरहाभाठा मिनी बस्ती निवासी करन रात्रे और सर्वेश मनहर रविवार को भनवारटंक पिकनिक मनाने गए। जंगल में खाना बनाने के दौरान दोनों का किसी से विवाद हो गया। मामला किसी तरह शांत हुआ। कुछ देर बाद विरोधी पक्ष के लोगों में से किसी ने करन रात्रे पर बेलचा और लाठी से हमला कर दिया। घायल करन जमीन पर गिर गया। इसके हमलावर मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी कोटा पुलिस को रात्रि करीब आठ बजे के आस पास मिली।
मामले में आज एडिश्नल एसपी ग्रामीण संजय ध्रुव ने खुलासा किया कि अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया गया है। संजय ध्रुव ने बताया कि घटना के दूसरे दिन पुलिस कप्तान के निर्देश पर बेलहना, कोटा, रतनपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी छानबीन के बाद भी आरोपियों तक पहुंचने का कोई सुराग नहीं मिली। इसी दौरान जंगल से घटना स्थल पर दर्शन के लिए कटाई गयी एक छोटी सी पर्ची हाथ लगी। पर्ची का मिलान मंदिर के काउन्टर रसीद से किया गया। इसके बाद आरोपियों तक पहुंचने की कड़ी धीरे धीरे खुलती गयी। ध्रुव ने बताया कि पर्ची में डोंगरिया निवासी किसी नकुलचन्द का नाम लिखा पाया गया।
मामले में पर्ची के आधार पर आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों में पूछताछ की गयी। ध्रुव ने खुलासा के दौरान बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए तीनो आरोपी सिंहपुर टोला, खेरी वेंकटनगर जैतहरी के रहने वाले हैं। पकड़े गए तीनों आरोपियों के नाम रवि चौधरी पिता फूलचन्द उम्र 45 साल, कन्हैया चौधरी उम्र 40 साल और राम प्रसाद चौधरी उम्र 43 को गिरफ्तार किया गया। तीनों ने पूछताछ के दौरान घटना को अंजाम देना कबूल किया है। आरोपियों की निशानदेही पर महिला समेत पांच अन्य आरोपियों की पहचान की गयी है। जल्द ही पांचों फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
The post VIDEOः कुछ इस तरह 8 लोगों ने की करन की हत्या..पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा..महिला समेत 5 की तलाश appeared first on CGWALL-Chhattisgarh News.